अमित लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अमित लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

अब तक 15

अब तक
का यह समाचार है
आने वाला कल उधार है

ख़त्म
हो गई संचित पूँजी
घर में बाकी भाँग न भूँजी
पापा को कह कर के मूज़ी
लड़का बाइक पर
सवार है

बेटी
बड़ी हो गई कैसे
लिप्टस के बिरवा की जैसे
रहे जोड़ते पैसे - पैसे
लाखों में वर की
पुकार है

जीवन
में आ गई सुनामी
जकड़ गई है नई ग़ुलामी
घर के ज़ेवर की नीलामी
करता, टीवी का
प्रचार है

चौराहे
पर चर्चा है जी
किसका कितना खर्चा है जी
सबने बाँटा पर्चा है जी
लोकतंत्र का
चमत्कार है

सब
अपने में व्यस्त हुये हैं
किसी नशे में मस्त हुये हैं
सत्ता के विश्वस्त हुये हैं
सूनी वीरों की
मज़ार है

-अमित
( इलाहाबाद )

कुछ तो कहीं हुआ है 07

कुछ तो कहीं हुआ है
भाई,
कुछ तो कहीं हुआ है
झमझम बारिश है बसंत में
सावन में पछुआ है
कुछ तो
कहीं हुआ है

हुई कूक
कोयल की गायब
बौर लदी अमराई गायब
सरसों
फूली सहमी-सहमी
फागुन से अँगड़ाई गायब
मौसम-चक्र पहेली जैसा
मानव ज्यों भकुआ है
कुछ तो
कहीं हुआ है

जीवन से
जीविका बड़ी है
मन, मौसम में जंग छिड़ी है
मानव का
अस्तित्त्व गौण है
नास्डॉक पर नज़र गड़ी है
पीछे गहरी खाँई उसके
आगे पड़ा कुआँ है
कुछ तो
कहीं हुआ है

तुलसी-
सूर-कबीर कहाँ तक
देगें साथ फ़कीर कहाँ तक
घोर
कामना के जंगल में
राह दिखायें पीर कहाँ तक
राम नाम जिह्वा पर लेकिन
चिन्तन में
बटुआ है
कुछ तो कहीं हुआ है
--
अमित
(इलाहाबाद)

15

अब तक
का यह समाचार है
आने वाला कल उधार है

ख़त्म
हो गई संचित पूँजी
घर में बाकी भाँग न भूँजी
पापा को कह कर के मूज़ी
लड़का बाइक पर
सवार है

बेटी
बड़ी हो गई कैसे
लिप्टस के बिरवा की जैसे
रहे जोड़ते पैसे - पैसे
लाखों में वर की
पुकार है

जीवन
में आ गई सुनामी
जकड़ गई है नई ग़ुलामी
घर के ज़ेवर की नीलामी
करता, टीवी का
प्रचार है

चौराहे
पर चर्चा है जी
किसका कितना खर्चा है जी
सबने बाँटा पर्चा है जी
लोकतंत्र का
चमत्कार है

सब
अपने में व्यस्त हुये हैं
किसी नशे में मस्त हुये हैं
सत्ता के विश्वस्त हुये हैं
सूनी वीरों की
मज़ार है

-अमित
( इलाहाबाद )

बस इतना सा समाचार है 15

जितना अधिक पचाया जिसने
उतनी ही छोटी डकार है
बस इतना सा समाचार है

निर्धन देश धनी रखवाले
भाई चाचा बीवी साले
सबने मिलकर डाके डाले
शेष बचा सो राम हवाले
फिर भी साँस ले रहा अब तक
कोई दैवी चमत्कार है
बस इतना सा समाचार है

चादर कितनी फटी पुरानी
पैबन्दों में खींचा-तानी
लाठी की चलती मनमानी
हैं तटस्थ सब ज्ञानी-ध्यानी
जितना ऊँचा घूर, दूर तक
उतनी मुर्ग़े की पुकार है
बस इतना सा समाचार है

पढ़े लिखे सब फेल हो गये
कोल्हू के से बैल हो गये
चमचा, मक्खन तेल हो गये
समीकरण बेमेल हो गये
तिकड़म की कमन्द पर चढ़कर
सिद्ध-जुआरी किला-पार है

जन्तर-मन्तर टोटका टोना
बाँधा घर का कोना-कोना
सोने के बिस्तर पर सोना
जेल-कचेहरी से क्या होना
करे अदालत जब तक निर्णय
धन-कुनबा सब सिन्धु-पार है

मन को ढाढस लाख बधाऊँ
चमकीले सपने दिखलाऊँ
परी देश की कथा सुनाऊँ
घिसी वीर-गाथायें गाऊँ
किस खम्भे पर करूँ भरोसा
सब पर दीमक की कतार है

-अमित
(इलाहाबाद)