यतीन्द्रनाथ राही लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यतीन्द्रनाथ राही लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

गाँव अपना छोड़कर 17

क्यों चले आए यहाँ हम
गाँव अपना छोड़ कर

दूरियाँ तो जगत की थीं
मुट्ठियों में बाँध लीं
शब्द-शिष्टाचार था
संवेदनाएँ बाँट लीं
किन्तु ये जो नागफनियाँ
नफरतों की हैं
दंश धरती
जहर भरती
दहशतों की हैं
कौन इनमें उलझते
दामन बचाएगा
कौन गिरती देह
टूटे तन जुड़ाएगा
प्रश्न मुँह फाड़े खड़े हैं
शहर के हर मोड़ पर

भीड़े के सैलाब हैं
पर आदमी मिलता नहीं
इन घटाओं में नहीं है
प्यार का कतरा कहीं
नाम अपने ही पड़ोसी का
नहीं हम जानते
विश्व मानव प्रेम के
तम्बू हवा में तानते
नाच लो ! गाओ ! हँसो !
रोते रहो सिर फोड़कर
है किसे फुर्सत तुम्हारे पास आए दौड़कर

यह शहर है
गीत मत गाओ यहाँ चौपाल के
घाट गंगा के नहीं हैं
ताल हैं भोपाल के

वादियों की शांति में
अब कुछ हवाएँ बदचलन
द्वार पिछले खोलकर
करने लगी हैं संचरण
कौन जाने
कब कहाँ
तूफान फिर झकझोर कर
जिंदगी रख दे सड़क पर
यों मसलकर तोड़कर

-यतीनद्रनाथ राही
(भोपाल)

रंग टेसू ने उड़ाए फाग के 16

सज गई हैं फिर
बहारें आम पर
लौट सूरज आ गया है
काम पर
फूल कर सरसों
बहुत इतरा गई
डालियाँ कचनार की
गदरा गई
झुरमुटों में कुहकतीं शहनाइयाँ।

चमक लौटी है
सुबह के भाल पर
किरन गुदने लिख रही हैं
गाल पर
रंग टेसू ने उड़ाए
फाग के
दिन बसंती
प्यार के अनुराग के
सिर चढ़ी सी हो गईं पुरवाइयाँ।

फागुनी दिन,
औऱ, महुआ पी गए
फाग-मस्ती-रूप के-
ठनगन नए
पाँव भारी
और
भरते रस कलश
खेत में सोना झरेगा
इस बरस
सपन लेते आँख में अंगडाइयाँ

-यतीन्द्रनाथ राही

नया वर्ष अभिनंदन 12

नया वर्ष अभिनंदन!

सहमी सी चिड़िया कुछ बोली
चिपकी आँख कली ने खोली
उखड़ी साँस हवा का आँचल
ओस भरा आँसू का काजलि
ठगी आरती किरन सुबह की
क्या पूजा क्या अर्चन

नदिया पटके पाँव गटर में
प्यास मछरिया तरसे
हरियाली उलझी काँटों में
गाल धुएँ में झुलसे
पूछ रहे हैं आगत का हल
कटे शीश धड़ उपवन

कौड़ी मोल आदमी कुर्सी
धर्म अर्थ विज्ञान
बेशर्मी की हदें तोड़कर
है नंगा इनसान
आज़ादी का अर्थ कटे है
न्याय नीति के बंधन

-- यतीन्द्र राही