रावेंद्रकुमार रवि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रावेंद्रकुमार रवि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 25 अक्टूबर 2011

कोहरे में भोर हुई, 06

कोहरे में
भोर हुई, दोपहरी कोहरे में!
कोहरे में शाम हुई,रात हुई कोहरे में!

कलियों के
खिलने की,आहट भी थमी हुई!
तितली के पंखों की,हरक़त भी रुकी हुई!
मधुमक्खी गुप-चुप है, चिड़िया भी डरी हुई!
भौंरे के
गीतों की,मात हुई कोहरे में!

सरसों कुछ
रूठी है, गेहूँ गुस्साया है!
तभी तो पसीना हर,पत्ती पर आया है!
खेतों में सिहरन का,परचम लहराया है!
मौसम पर
ठंडक की, घात हुई कोहरे में!

घर में
हम क़ैद हुए, ठंड-भरी हवा चले!
टोप पड़े सिर पर तो,मफ़लर भी पड़े गले!
दौड़ रहे दबकर हम, कपड़ों के बोझ तले!
कपड़ों की
संख्या भी, सात हुई कोहरे में!

भुने हुए
आलू की, गंध बहुत मन-भाती!
चाय-भरे कुल्हड़ से, गर्माहट मिल जाती!
आँखों ही आँखों में, बात नई बन जाती!
साँसों से
साँसों की, बात हुई कोहरे में!

-- रावेंद्रकुमार रवि
खटीमा (ऊधमसिंहनगर)

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

आओ, खेलें खेल 10

सिक्का तो उछालना ही है
हैड मिले या टेल
बरखा के पानी में हिलमिल
आओ, खेलें खेल

हार न जाएँ, हम इस डर से
ऐसा मेल बनाएँगे
हर हालत में प्रतिद्वंद्वी को
जो कर देगा फेल
फिक्सिंग भी है बहुत ज़रूरी
माल मिले या जेल

पाउच बना सजीला मनहर
माल भरेंगे घटिया
छूट बढ़ाकर, दाम घटाकर
इसे करेंगे सेल
गारंटी की बात न कोई
ग्राहक लेंगे झेल
--
रावेंद्रकुमार रवि

कीटनाशकों से जो पलकर 10

कीटनाशकों से जो पलकर
आई ताज़ी सब्जी
अनजाने ही उसको अम्मा
रही प्रेम से राँध

कूड़ा-कचरा भरे 'प्लॉट' में
बूँदें करतीं नर्तन
बीमारी के अणुओंवाली
पायल पग में बाँध
नर्तन के इस मधुर गान से
उठने लगी सड़ाँध

नाली के गंदे पानी में
अब बूँदों का क्रंदन
घर में घुसकर आ जाता है
घर की देहरी फाँद
घर का कोना-कोना सिसके
बनकर दुख की नाँद
--
रचनाकार ने नाम नहीं लिखा

मौसम की माया है 07

मौसम की माया है,
धुंध-भरा साया है –
आए कैसे बसंत?

रोज़-रोज़ काट रहे
हर टहनी छाँट रहे!
घोंसला बनाने को
कैसे वे आएँगे?
सुन उनका कल-कूजन
क्या अब अँखुआएँगे?

नन्हे उन पंखों को
पाए कैसे अनंत?
स्वरलहरी डूब रही
गाए कैसे बसंत?
आए कैसे बसंत?

कचरे से पाट रहे
ख़ुशियों को डाँट रहे!
महक भरे झोंके अब
कैसे आ पाएँगे?
नेह-भरे सपने अब
कैसे मुस्काएँगे?

सपनों का इंद्रधनुष
पाए कैसे दिगंत?
मन-कुंठा फूल रही
भाए कैसे बसंत?
आए कैसे बसंत?

--
रावेंद्रकुमार रवि
चारुबेटा, खटीमा, ऊधमसिंहनगर (उत्तराखंड)

रविवार, 23 अक्टूबर 2011

ले रही है नाम 11

ले रही है नाम
नूपुर-झाँझ
प्रीतम-मीत का!
गा रही है गीत
अब गोधूलि
सोनल प्रीत का!

क्वाँर की इस साँझ
साजन ने
न जाने कह दिया क्या
मधुर उसके कान में!

फिर रही सजनी पुलक
घर-आँगने
मोहिनी मुस्कान मन-भर
सज नए परिधान में!

छुअन को महका रहा है
सरस झोंका प्यार-सा
मधु-सीत का!
चल पड़ा है सिलसिला अब
हर नवेली रात में
नव-रीत का!
--
रावेंद्रकुमार रवि

भाभी के कानों में 11

भाभी के कानों में
झूम रही बालियाँ!
दीपों से भरी-भरी
थिरक रहीं थालियाँ!

भाभी मुंडेरों पर
दीपक सजाती हैं!
दीवाली पर ढेरों
ख़ुशियाँ ले आती हैं!!

भइया ने लाकर के
दीं मुझको फुलझड़ियाँ!
चहक उठीं ओंठों पर
मुस्कानों की लड़ियाँ!

भाभी भी झूम-झूम
गीत गुनगुनाती हैं!
दीवाली पर ढेरों
ख़ुशियाँ ले आती हैं!!

भाभी की आँखों में
सुंदर-सा सपना है!
मन के कोने में भी
प्रेम-दीप "सजना" है !

भाभी की सपनीली
आँखियाँ मुस्काती हैं!
दीवाली पर ढेरों
ख़ुशियाँ ले आती हैं!!
--
रावेंद्रकुमार रवि

फिर भी है कींच 10

इंद्रधनुष की डोरी नभ में
सूरज आज रहा है खींच
धोबन-बदली इस धरती के
मैले वसन रही है फींच
बरस रहा है झरझर-झरझर
स्वच्छ नीर, फिर भी है कींच

चश्मे की छतरी के नीचे
बैठी आँखें इतराती हैं
आँतें आँतों को डकारकर
ना जाने क्या-क्या गाती हैं
गंगा-तट पर बैठा बगुला
दबा रहा मछली की घींच
बरस रहा है झरझर-झरझर
स्वच्छ नीर, फिर भी है कींच

रात-भर अँधेरे को पूज चुके
लोगों को नींद आ रही है
फोड़ चुकी कौवी के अंडों को
कोयल अब मुस्करा रही है
सुन लेते हैं गीत अवांछित भी
सब अपनी आँखें मींच
बरस रहा है झरझर-झरझर
स्वच्छ नीर, फिर भी है कींच
--
रावेंद्रकुमार रवि

फूला फूल कमल का : रावेंद्रकुमार रवि 09

मधुर फुहारों ने कुछ
गाकर हमें सुनाया!
फूला फूल कमल का
मन में ख़ुशियाँ लाया!

तालाबों में कमल-कुंज हैं
कमल-कुंज में
है अलि-गुंजन!
बरखा के मौसम में
गाँव-गाँव हरियाया!
फूला फूल ... ... .

बरखा की बूँदों ने छेड़े
साज़ नए कुछ
हौले-हौले!
मुरझाए खेतों को
सुरमय कर सरसाया!
फूला फूल ... ... .

मस्ती-भरी हवा चलती है
मधु सौरभ की
ओढ़ उढ़निया!
वसुधा के आँचल को
मह-महकर महकाया!
फूला फूल ... ... .
--
रावेंद्रकुमार रवि

शनिवार, 22 अक्टूबर 2011

बौराए हैं बाज फिरंगी : रावेंद्रकुमार रवि 08

चिर निद्रा में गई रागिनी,
कैसे भोर जगाएगी?
बौराए हैं बाज फिरंगी,
कैसे चिड़िया गाएगी?

प्यूपा बनने से पहले ही,
कौए ने खाया इल्ली को!
फूलों से आ सुमुखी तितली,
कैसे कुछ बतियाएगी?
फूलों से पराग भी ग़ायब,
वह उनसे क्या पाएगी?
बौराए हैं ... ... .

घृणा-द्वेष भर अंगारों-सी ,
दहशत उगल रही जो “नाली”,
सोचो, ज़रा बाँसुरी उससे,
कैसे बनकर आएगी?
भाईचारे की स्वरलहरी,
कैसे मन को भाएगी?
बौराए हैं ... ... .
--
रावेंद्रकुमार रवि

कर पाएँगे नहीं नाज़ : रावेंद्रकुमार रवि 08

जिसके कारण ख़त्म हो गए
ख़ुशियों के सब राज़!
कभी नहीं कर पाएँगे हम
इस हरक़त पर नाज़!

पैरों में पैंजनियाँ बाँधे,
सिर पर ओढ़े लाल चुनरिया!
ठुमक-ठुमककर, किलक-किलककर,
नाच रही थी नन्ही बिटिया!

सुध-बुध खोकर मम्मी-पापा,
उसे देखकर रीझ रहे थे!
सोच विदाई की बातों को,
मन ही मन में भीज रहे थे!

तभी वहाँ पर आई धम से
बारूदी आवाज़!
सिसक-सिसककर क्षण-भर में ही
बंद हुए सब साज़!
कभी नहीं कर पाएँगे ... ... .

थकी हुई थी, वह सोई थी,
मीठे सपनों में खोई थी!
दोनों ख़ुश हो बतियाते थे,
हनीमून को वे जाते थे!

मम्मी क्या लेकर आएँगी,
ख़ुश हो सोच रहे बच्चे सब!
जाग रही बहना आशा में,
भइया-भाभी पहुँचेंगे अब!

ताजमहल हो गई अचानक
ट्रेन, दफ़न मुमताज़!
तड़प-तड़पकर पल-भर में ही
बिखरे सब अंदाज़!
कभी नहीं कर पाएँगे ... ... .
--
रावेंद्रकुमार रवि