नवीन चतुर्वेदी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नवीन चतुर्वेदी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

खिलते हुए पलाश 16

खिलते हुए पलाश

बिन तुम्हारे होलिका त्यौहार
था इक कल्पना भर
हाट में बाक़ायदा
तुम स्थान पाते थे बराबर

अब कहाँ वो रंग
वो रंगीन भू-आकाश
खिलते हुए पलाश

मख अगन सा दृष्टिगोचर
है तुम्हारा यह कलेवर
पर तुम्हारे पात नर ने
वार डाले बीडियों पर

पर न हारे तुम तनिक भी
औ हुए न हताश
खिलते हुए पलाश

- नवीन चतुर्वेदी

आज के यही समाचार हैं 15

द्वंद-द्वेष-दुख दुराचार हैं
भाँति भाँति के हहाकार हैं
आज के यही समाचार हैं

वोट दे रहे औ ठगा रहे
टेक्स भर रहे, कष्ट पा रहे
लीडरान से मात खा रहे
यूँ लगे कि ज्यूँ गुन्‍हागार हैं
आज के यही समाचार हैं

रौबदार सब कोट-टाइयाँ
लोकतंत्र की दे दुहाइयाँ
गल्फ़ में लड़ाते लड़ाइयाँ
निम्न, तेल से, रक्त-धार हैं
आज के यही समाचार हैं

डिग्रियाँ बनीं फाँस कंठ की
आज सब सुनें बात संठ की
लुप्त हो रही जाति लंठ की
सुप्तप्राय से सरोकार हैं
आज के यही समाचार हैं

-नवीन चतुर्वेदी
(मुंबई)

होली का हुड़दंग 14

खेल रहे सब ही जन मिल के
खोजत नव-नित रंग
ओ भैया होली का हुड़दंग

गरिमा के 'गुलाल' को भूले
गाली गूँजें सदनों में
अदब 'अबीर' लुप्त दिखता,नहिं
भेद बड़ों में अदनों में
केमीकल का असर हुआ ये
कान्ति दिखे ना वदनों में
तन देखो या मन देखो
सब के सब हैं बदरंग
ओ भैया होली का हुड़दंग

अब की होली कुछ ऐसे हम
खेलें तो फिर आए मजा
'गुण' गुलाल चेहरों पे मल के
नाचें 'ढ़ंग' के ढ़ोल बजा
'मनुहारों' की बंटे मिठाई
'सत्कारों' के साज सजा
गर ऐसा हो जाए तो
मन होवे मस्त मलंग
ओ भैया होली का हुड़दंग

--नवीनचंद्र चतुर्वेदी

सड़क पर 13

चलें रीति से
नीति निभाते
मीत सड़क पर

हौले हौले कदम उठायें
इधर उधर भी नज़र फिरायें
बेमतलब ना दौड़ लगायें
अवरोधक पे
पल भर थम जायें
सोचें फिर रुक कर
चलें रीति से - नीति निभाते - मीत सड़क पर

जीवन है मारग जैसा ही
रखवाली की गरज इसे भी
जिसने इसकी अनदेखी की
उसकी हालत
सब जानें, होती
बद से भी बदतर
चलें रीति से - नीति निभाते - मीत सड़क पर

दौनों होते नये पुराने
दौनों के सँग लोग सयाने
दौनों 'निविदा' के दीवाने
दौनों सब से
लेते हैं हक से
अपना-अपना 'कर'
चलें रीति से - नीति निभाते - मीत सड़क पर

-नवीन चतुर्वेदी

आप हम सब खुश रहें 12

आप हम सब खुश रहें!

खेत खलिहानों में
पैदावार हो
हसरतों का ना कहीं
व्यापार हो
बाल बच्चों को मिले
शिक्षा अमित
बहन बेटी घूम पाएँ
भय रहित
हो तरक्की
और
नदियाँ भी बहें
आप हम सब खुश रहें।

गैर की दहलीज पर
जब जाएँ हम
मोल इज़्ज़त का
न दे के आएँ हम
बाँह फैला के
सभी को स्थान दें
साथ ही सरहद पे भी
हम ध्यान दें
ताकि भावी पीढ़ियाँ
सब सुख लहें
आप हम सब खुश रहें।

हम रहें खुश
इस तरह कुछ
इस बरस
विश्व को
आए न हम तुम पे
तरस
हम भी हैं कुछ
विश्व को
बतलाएँ हम
कंधे से कंधा मिला
बतियाएँ हम
देख तन गोरा
न स्तर से ढहें
आप हम सब खुश रहें।

नवीन चतुर्वेदी
मुंबई