महेश सोनी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
महेश सोनी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

17

रात बिताई तन्हाई में, दिन गुजरा अंधियारों में।
ओझल हो गई गाँव की गलियाँ, शहर के चाँद-सितारों में।।

भीड़ बहुत है लेकिन कितनी
निर्जन खाली-खाली है।
चाहत का तो नाम नहीं है,
मुख पर भद्दी गाली है।
चेहरे-चेहरे पर लाचारी, शामिल हैं बीमारों में।

साल बिताए, महिने बीते,
बीती सारी उम्र यहाँ।
शहर में रहकर भूल गए सब,
कितने अपने, कौन-कहाँ।
छुपी हकीकत बाहर आती, होश नहीं किरदारों में।

चलो किसी दिन तो आएगा,
भूला-बिसरा गाँव मेंरा।
शहर-शहर और बस्ती-बस्ती,
चल चल हारा पाँव मेरा।
मगर नहीं मिल पाया साथी कोई एक हजारों में।

-महेश सोनी
भोपाल।

होली के रंग 14

होली का हर रंग अनोखा।

रंगी हथेली लेकर दौड़े
दूर हुए सब मन के घोड़े,
चली गई मुस्कानें देकर
बोझिल मन पर चले हथौड़े,
साथ रह गया लेखा-जोखा।

भूल गए वो ढाई आखर
पथ में साथ किसी का पाकर,
अनजानी रह गई विरासत
प्रीत हुई बेदम अकुलाकर,
किसके साथ हुआ क्या धोखा।

मौसम ने कर ली मनमानी,
दिशा-दिशा में चादर तानी,
उड़े रंग के बादल नभ में,
भूतल भरा समंदर पानी,
मत करना तुम बंद झरोखा।

-महेश सोनी
भोपाल मध्यप्रदेश

सड़क पर जिंदगी 13

अँधेरों में भी
चलती है, उजालों में मचलती है
सड़क पर जि़ंदगी फिर क्यों
हवाओं में उछलती है

कभी गुमनाम
होती है कभी हमनाम होती है
कभी इंसान की खातिर
महज बदनाम होती है
उठाकर चार
कांधों पर तेरी मैयत निकलती है

सड़क पर आदमी
कुछ तो, सड़क पर बेबसी कुछ तो
निवालों की जगह मिट्टी,
सड़क पर बेरूखी कुछ तो
कई तस्वीर हैं
इसकी जो गिरती है, संभलती है।

समंदर की
निगाहों में, महज पानी समाया था
मगर सूखी नदी को तो
वो सूखा ठूंट भाया था
उदासी के
घरौंदों में तो बस आशi ही पलती है

-महेश सोनी, भोपाल