गिरिमोहन गुरु लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गिरिमोहन गुरु लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 25 अक्टूबर 2011

कुहासे से घिरा दिनमान 06

मन कुहासे से घिरा दिनमान
खोता जा रहा पहचान

शून्य वन में राह भूले पथिक सी
लाचार मानवता
सभ्यता के मंच पर अध्यक्ष हित
तैयार दानवता
बुद्धिवादी सिर फिरा इन्सान
होता जा रहा पाषाण

साँझ सूने घाट पर बैठा हुआ
धीवर बना मानव
मछलियों को फाँसने को ढूँढता
तरकीब बन दानव
सिर्फ पाने के लिये सम्मान
खोता जा रहा ईमान

--गिरिमोहन गुरु

हिम नदी में कूदकर 06

हिम नदी में कूदकर मौसम
इन दिनों ज्यों स्नान करता है

हर तरफ है एक कुहरा आवरण
आग ने भी शान्ति सी कर ली वरण
सूर्य खुद मफलर गले में बाँध
शीत का ऐलान करता है

हिम नदी में कूदकर मौसम
इन दिनों ज्यों स्नान करता है

शाम होते ही जगे सोये सपन
ढूँढते हैं शयन शैया में तपन
एक कोने में दुबक दीपक निबल
शीत का गुणगान करता है

हिम नदी में कूदकर मौसम
इन दिनों ज्यों स्नान करता है

--गिरिमोहन गुरु

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

16

मन हो रहा पलाश


पीछे पीछे दौड़ रहा अनुराग
नाम का नाग
जंगल जंगल आग लगी है
भाग सके तो भाग


खाली नहीं लाशघर कोई
कहाँ रखेगा लाश
मुर्दे खड़े सड़क पर रोकें
दिखा दिखा कर दाग
ऐसे में कैसे गायेगा
जीवन वाला राग


चुरा सके तो चुरा सूर्य से
साहस भरी उजास


पं.गिरिमोहन गुरु

रविवार, 23 अक्टूबर 2011

महका मन 11

बहुत दिन के बाद
महका मन

सिलबटें कम की समय ने
एक ठंडक पी
लहलहाने लगा उर का
विपिन दंडक भी
मुदित चिड़ियों-सा
प्रकृति के साथ
चहका मन

मिल गई पर्यावरण को
शुद्ध आक्सीजन
इस तरह से कुछ हुआ
ॠतु-चक्र परिवर्तन
डूबकर स्वप्निल
सुरा-सरि आज
बहका मन
--
पं. गिरिमोहन गुरु

मेघ डाकिया : पं.गिरिमोहन गुरु 10

ले आया पावस के पत्र
मेघ डाकिया

मौसम ने धूप दी उतार
पहन लिए बूँदों के गहने
खेतों में झोंपड़ी बना
कहीं-कहीं घास लगी रहने
बिना पिए तृषित पपीहा
कह उठा पिया-पिया-पिया

झींगुर के सामूहिक स्वर
रातों के होंठ लगे छूने
दादुर के बच्चों का शोर
तोड़ रहे सन्नाटे सूने
करुणा प्लावित हुई घटा
अंबर ने क्या नहीं दिया
--
पं.गिरिमोहन गुरु

अमल होना था कमल : पं. गिरिमोहन गुरु 09

अमल होना था कमल
तव नाम

पंक से प्रकटित
मगर न मलिन मन
सुरभि से सम्पृक्त
कोमल मिला तन
प्रकृति का सबसे
बड़ा ईनाम

उपस्थिति से जगाया
लालित्य
धन्य है
पाकर तुझे
साहित्य
संस्कृति भी हो
रही अभिराम
--
पं. गिरिमोहन गुरु