संगीता स्वरुप लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
संगीता स्वरुप लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

कैसे मन मुस्काए 08

रोटी समझ चाँद को
बच्चा मन ही मन ललचाए।
आशा भरकर वो यह देखे -
माँ कब रोटी लाए।
दशा देखकर उस बच्चे की
कैसे मन मुस्काए?

घर के बाहर
चलना दूभर,
साँस सभी की
नीचे-ऊपर,
काँप रहा उसका दिल थर-थर,
मन बेहद घबराए।
ऐसे आतंकी साये में
कैसे मन मुस्काए?

हुआ धमाका
बम का जब-जब,
बढ़ी वेदना
मन में तब-तब,
लहूलुहान हुए लोगों का
खून छितरता जाए।
इन दृश्यों को देख भला फिर
कैसे मन मुस्काए ?
--
संगीता स्वरुप

रविवार, 23 अक्टूबर 2011

रवि ने जब-जब ली अँगड़ाई 09

जागी वसुधा की तरुणाई
रवि ने जब-जब ली अँगड़ाई

उपवन हैं सब खिले-खिले
विहगों के दल हिले-मिले
मस्ती-भरी चली पुरवाई
कमल-कली हँसकर शरमाई
रवि ने जब-जब ... ...

लगे नलिन खिल-खिलकर गाए
तितली आ उस पर मँडराए
जीवन की शुभ रीत सिखाई
पंकज ने भी सुषमा पाई
रवि ने जब-जब ... ...

गुन-गुन करे कमलिनी कोमल
अलियों के दल गाएँ सोहल
हर तरु की पत्ती हर्षाई
झीलों में लालिमा नहाई
रवि ने जब-जब ... ...
--
संगीता स्वरुप