शास्त्री नित्यगोपाल कटारे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शास्त्री नित्यगोपाल कटारे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

देखो वसंत आ गया 07

पीत पीत हुए पात, सिकुड़ी सिकुड़ी सी रात
ठिठुरन का अंत आ गया।
देखो वसंत आ गया।।

मादक सुगंध से भरी, पंथ-पंथ आम्र मंजरी
कोयलिया कूक कूक कर, इठलाती फिरे बावरी
जाती है जहाँ दृष्टि, मनहारी सकल सृष्टि
लास्य दिगदिगंत छा गया।
देखो वसंत आ गया।।

शीशम के तारुण्य का, आलिंगन करती लता
रस का अनुरागी भ्रमर, कलियों का पूछता पता
सिमटी-सी खड़ी भला, सकुचाई शकुंतला
मानो दुष्यंत आ गया।
देखो वसंत आ गया।।

पर्वत का ऊँचा शिखर, ओढ़े है किंशुकी सुमन
सरसों के फूलों भरा, मोहक वासंती उपवन
करने कामाग्नि दहन, केसरिया पहन वसन
मानो कोई संत आ गया
देखो वसंत आ गया।।
--
शास्त्री नित्यगोपाल कटारे

नया वर्ष कुछ ऐसा हो 12

नया वर्ष कुछ ऐसा हो
पिछले बरस न जैसा हो
घी में उँगली मुँह में शक्कर
पास पर्स में पैसा हो।

भूल जायें सब कड़बी बातें
पायें नयी नयी सौगातें
नहीं काटना पड़ें वर्ष में
बिन बिजली गर्मी की रातें
कोई घपला और घुटाला
काण्ड न ऐंसा वैसा हो।

बच्चे खुश हों खेलें खायें
रोज सभी विद्यालय जायें
पढ़ें लिखें शुभ आदत सीखें
करें शरारत मौज मनायें
नहीं किसी के भी गड्ढ़े में
गिरने का अंदेशा हो।

स्वस्थ रहें सब वृद्ध सयाने
बच्चे उनका कहना मानें
सेवा में तत्पर हो जायें
आफिस कोर्ट कचहरी थाने
डेंगू और चिकनगुनियां का
अब प्रतिबन्ध हमेशा हो।

--शास्त्री नित्य गोपाल कटारे

रविवार, 23 अक्टूबर 2011

सूर्य बंद कमरे से झाँके 10

सूर्य बंद कमरे से झाँके
पायल पहिन बिजुरिया नाचे
प्रेमगीत दादुरिया बाँचे
तबला मेघ बजे
राग मल्हार सजे

झर-झर-झर-झर झरने झरते
लगते गिटार से
तेज हवा से झंकृत होते
पत्ते सितार से
आनंदित हो मोर-मोरनी
निकले सजे-धजे

पर्वत अविचल सौम्य शांत है
योगी सिद्ध हुआ
सूर्य बंद कमरे से झाँके
लगता वृद्ध हुआ
नदियाँ हुई सभी अनियंत्रित
सब तटबंध तजे
--
शास्त्री नित्यगोपाल कटारे

कैसे कमल खिले : शास्त्री नित्यगोपाल कटारे 09

पानी बन्द हुआ बोतल में
पंक न कहीं मिले
कैसे कमल खिले

भूपालों के बन्धक हुए
सरोवर सारे
जलकुम्भी ने अपने
इतने पैर पसारे
आतंकित हो
हंस फिरें सब मारे मारे
सजे केकटस बाजारों में
सस्ते भाव मिले
कैसे कमल खिले

ढका हुआ है सत्य
घोर मिथ्या बादल से
क्षितिज हो गया काला
आतंकी काजल से
हार रहे यम नियम
कपट छलबल धनबल से
जब तक मैत्री सद् भावों का
सूर्य नहीं निकले
कैसे कमल खिले

कीचड़ में ही
बहुधा कमल खिला करते हैं
कहने भर को है
इसलिये कहा करते हैं
किन्तु कमल के लिये सभ्यजन
कीचड़ नहीं किया करते हैं
कमला हों या कमलनाथ हों
सबके होठ सिले
कैसे कमल खिले
--
शास्त्री नित्यगोपाल कटारे