सुरेश पण्डा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सुरेश पण्डा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 25 अक्टूबर 2011

दीपक को जलने दो 18

द्वार पर धरा
दीपक
भोर तलक जलने दो

सूरज ने कैद किया
विद्रोही चाँद
लुकछिप कर भागा है
शुक्र बाड़ फाँद
तारों ने टाँक दिये
चमकीले बूटे
क्षितिज के पार नहीं
ज्योति पिंड छूटे

जुगनू का संगी बन
अंधियारा हरने दो
दीपक को जलने दो

यौवन में रंग भरे
मंगल की चाल
मदमाता केतु अब
देता है ताल
राहू की नजर लगी
चाँद हुआ दुबला
कैसे बच पायेगा
लक्ष्य बना अगला

धरती के ओर छोर
रोशनी बिखरने दो
दीपक को जलने दो

-सुरेश पण्डा
(रायपुर)

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

शहर में एकांत 17

शहर में एकांत
कहाँ पाएँ ।

आकाश
सिर पर
संकुचित
आकार धर बैठा
हर ओर
पत्थर की दिवारें
दृष्टिपथ
बंदी बना बैठा
अनवरत झरते हुए
इस शोरगुल में
कैसे भला
हम गुनगुनाएँ ।

शहर में एकांत
कहाँ पाएँ ।

इस छोर से
उस छोर तक
हर पल
लहर जाती तपन
स्वांस का आधार लेकर
हृदय तक
गुपचुप
पसर जाती अगन
मशीनों में
लिया है भर
देह श्रम,
सारे जतन
ऐसे में भला
कोई बता दे
हम इन्हें कैसे भुलाएँ ।

शहर में एकांत
कहाँ पाएँ ।

- सुरेश कुमार पांडा
(रायपुर)